नई दिल्ली
राजधानी दिल्ली सोमवार शाम एक तेज धमाके से दहल उठी। लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास खड़ी एक कार में अचानक विस्फोट हो गया, जिससे आसपास अफरा-तफरी मच गई। धमाके की ताकत इतनी थी कि कार के पुर्ज़े उछलकर पास स्थित लाल मंदिर तक जा गिरे। मंदिर की खिड़कियों के शीशे चटक गए और आसपास की कई दुकानों के दरवाजे-खिड़कियां टूट गईं।

धमाके के बाद इलाके में आग फैल गई और पास खड़ी कई गाड़ियां धू-धू कर जल उठीं। भागीरथ पैलेस तक कंपन महसूस किया गया, जिससे पूरा इलाका दहशत में आ गया। दुकानदार एक-दूसरे को फोन कर हालात जानने लगे।
दमकल विभाग को शाम करीब छह बजे धमाके की सूचना मिली। तुरंत छह एंबुलेंस और सात फायर टेंडर मौके पर भेजे गए। राहत और बचाव कार्य जारी है। आग पर काबू पाने की कोशिश की जा रही है, वहीं कई लोगों के घायल होने की सूचना है।
पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर दिया है। जांच एजेंसियां घटनास्थल पर पहुंचकर कार के मलबे और आसपास से सबूत जुटा रही हैं। शुरुआती जानकारी में यह पुष्टि हुई है कि विस्फोट कार के अंदर हुआ था, लेकिन धमाके की प्रकृति और वजह को लेकर अभी कुछ भी साफ नहीं है। लाल किला और चांदनी चौक क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
.jpeg)